para

12 सालों में सबसे गर्म रहा मार्च का महीना, जल्‍द 40 के पार पहुंचेगा पारा

0 minutes, 0 seconds Read

मेरठ। आगामी एक सप्ताह में सूर्यदेव के तेवर आपको पसीना-पसीना कर सकते हैं। तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी बेहाल करेगी। ऐसा अनुमान मार्च के अधिकतम औसत तापमान को देखते हुए आगामी दिनों के लिए मौसम विज्ञानियों ने लगाया है। 2010 के बाद इस साल मार्च माह में अधिकतम तापमान का औसत 31.3 डिग्री रहा, जो 12 साल पूर्व 32.3 डिग्री था। मार्च का औसत तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। 2010 से पहले 2002 में यह 32 डिग्री तक पहुंचा था।
12 वर्षों के बाद सर्वाधिक गर्म
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि मार्च के अंतिम दिन गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। कुल मिलाकर 2022 में मार्च का माह पिछले 12 वर्षों के बाद सर्वाधिक गर्म रहा। मार्च का औसत न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। डा. एन. सुभाष ने बताया कि अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मेरठ ही नहीं बल्‍कि आसपास के जिलों में भी तेज गर्मी का कहर जारी है।
40 के पास पहुंचेगा पारा
मेरठ और आसपास के जिलों में रिकार्डतोड़ गर्मी पड़ने के आसार बढ़ रहे हैं। मेरठ में ही तापमान 40 डिग्री को छूने वाला है। बुधवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्‍यूनतम तापमान 17.1 डिग्री था। वहीं गर्मी ने अपने तेवर समय से पूर्व ही दिखाना आरंभ कर दिया है। मंगलवार को भी तापमान चढ़कर 38.2 डिग्री पर पहुंच गया था, यह सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा। दोपहर में तेज गर्म हवा के थपेड़ों का सामना लोगों को करना पड़ा। गर्मी ने पूरे उत्तर भारत पर शिकंजा कसना आरंभ कर दिया है। मध्य भारत में हीट वेव की स्थितियां हैं। वहीं रात के समय खासी गर्मी का अहसास होने लगा है।
पांच अप्रैल तक बना रहेगा कमोबेश ऐसा ही मौसम
वहीं दूसरी ओर लू की चपेट में दिल्ली एनसीआर। हर दिन की गर्मी बीते दिन को पछाड़ रही। बृहस्पतिवार को भी आसमान रहेगा साफ। कई जगहों पर तेज लू चलने के आसार। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना। राजस्थान, गुजरात की तरफ से आ रही गर्म हवाओं से मध्यप्रदेश में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने से मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से अभी गर्मी के तीखे तेवरों से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
अन्‍य स्‍थानों का क्‍या है हाल
एनसीआर में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 व 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चार अप्रैल तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहने का पूर्वानुमान। हिमाचल में गर्मी से अभी राहत के आसार नहीं हैं। धर्मशाला में एक दिन पहले गर्मी का 12 साल पुराना रिकार्ड टूट चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिन तक मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। बारिश न होने से प्रदेश में फसलों पर असर पड़ रहा है। कई जगह गेहूं की फसल सूखने के कगार पर पहुंच चुकी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। पंजाब में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग की माने तो लोगों को 31 मार्च तक मौसम के तेवर तल्ख ही रहेंगे। गर्म हवाएं जारी रहने से पारा और भी बढ़ेगा। एक अप्रैल से हवाओं की दिशा बदलेगी। उत्तरी पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में गमी आने पर गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

author

Santram Pandey

पत्रकारिता के 40 बसंत पार कर चुके संतराम पांडे, पूर्णकालिक पत्रकार हैं और खाटी पत्रकारिता के जीवंत उदाहरण स्वरूप अंकुरित प्रतिभाओं को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। वर्तमान में ई-रेडियो इंडिया के वरिष्ठ संपादक हैं।

Similar Posts

error: Copyright: mail me to info@eradioindia.com