फर्जी फर्म के जरिए जीएसटी डिपार्मेंट को सात करोड़ का चूना लगाने वाले गैंग का खुलासा, दो गिरफ्तार
मेरठ।
जीएसटी फ्रॉड के मामलों के लिए गठित की गई एसआईटी और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्यवाही करते हुए पंजाब से दो स्क्रैप कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। यह कारोबारी कई फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी डिपार्मेंट को सात करोड़ का चूना लगा चुके हैं। एसपी क्राइम ने बताया कि गैंग के अन्य लोगों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए एसपी क्राइम अविनाश कुमार और सीओ क्राइम शुचिता सिंह ने इस गैंग का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बहसूमा थाने में एक फर्जी फर्म बनाने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस फर्म को रजिस्टर्ड करने वाले आईपी एड्रेस की जांच की गई तो वह पंजाब का पाया गया। जिस पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने पंजाब के फतेहगढ़ जिले में मंडी गोबिंदगढ़ क्षेत्र में रेड मारकर गुरदीप सिंह और धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि स्क्रैप कारोबार की आड़ में इन दोनों व्यक्तियों ने फर्जी कागजातों के आधार पर कई फर्जी फॉर्म रजिस्टर्ड कीं। जिसमें बिना किसी माल की खरीद-फरोख्त के 70 करोड़ के नकली बिल बनाकर जीएसटी डिपार्मेंट से सात करोड़ का रिफंड लिया गया। एसपी क्राइम ने बताया कि इस गैंग में शामिल अन्य लोगों के विषय में भी जानकारी जुटाई जा रही है।