E RADIO INDIA

राष्ट्र की डिजिटल आवाज

ईद पर 3 दिन की छुट्टी की मांग, ममता सरकार से अधीर रंजन चौधरी का बड़ा आग्रह
News देश फीचर्ड राजनीति

ईद पर 3 दिन की छुट्टी की मांग, ममता सरकार से अधीर रंजन चौधरी का बड़ा आग्रह

दुर्गा पूजा की तर्ज पर ईद पर भी लंबा अवकाश देने की मांग, TMC ने बताया चुनावी हथकंडा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से ईद-उल-फितर के अवसर पर पश्चिम बंगाल में तीन दिन की छुट्टी घोषित करने का आग्रह किया। बनर्जी को मंगलवार को लिखे पत्र में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा पूजा की तरह ईद का उत्सव भी कई दिनों तक मनाया जाता है।

चौधरी ने मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में संवाददाताओं से कहा, “मैं मांग करता हूं कि राज्य सरकार मौजूदा एक दिन की छुट्टी के बजाय तीन दिन का अवकाश घोषित करे।” चौधरी ने मांग की कि ईद-उल-फितर के दिन की छुट्टी के अलावा उससे पहले और बाद के दिनों को भी अवकाश घोषित किया जाए।

मुर्शिदाबाद जिले के मुस्लिम बहुल क्षेत्र बहरामपुर से पांच बार सांसद रहे चौधरी वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार यूसुफ पठान से चुनाव हार गए थे। चौधरी ने यह भी मांग की कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करे कि इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की कीमतें नियंत्रित रहें, ताकि मुस्लिम समुदाय के लोगों को रमजान के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

तृणमूल के नेतृत्व ने चौधरी की मांगों को एक हथकंडा बताते हुए पूछा कि कांग्रेस नेता पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ऐसी मांग क्यों कर रहे हैं। पार्टी प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार ने कहा, ”वे ऐसी मांगें सिर्फ पश्चिम बंगाल के लिए ही क्यों कर रहे हैं? वे एक अखिल भारतीय पार्टी के नेता हैं, वे अपनी पार्टी के नेतृत्व से राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी मांगें रखने को कह सकते हैं।” हालांकि, उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर कोई भी फैसला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लेंगी।

आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।