स्वच्छता ही सुरक्षा: नगरवासियों की भागीदारी से सफल बन रहा संचारी रोग स्वच्छता अभियान

शाहगंज (जौनपुर): नगर पालिका परिषद शाहगंज द्वारा 1 अप्रैल से संचालित संचारी रोग स्वच्छता अभियान पूरे नगर में प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर को साफ-सुथरा और रोगमुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर सफाई कार्य कराए जा रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह के दिशा-निर्देशन में तथा अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी के मार्गदर्शन में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। सफाई इंचार्ज श्रीराम शुक्ला की देखरेख में सफाई नायक संदीप और फिरोज के साथ सफ़ाई कर्मियों की टीम लगातार विभिन्न वार्डों में अभियान चलाकर नालियों, नालों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में जुटी हुई है।
अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से जलभराव वाले स्थानों, गंदगी वाले क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। नालियों और नालों की नियमित सफाई के साथ-साथ चुना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है, जिससे मच्छरों और संक्रामक रोगों के फैलाव को रोका जा सके।
नगरवासियों ने भी नगर पालिका के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और छिड़काव से वातावरण में साफ-सफाई बढ़ी है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों में कमी आने की उम्मीद है।
नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे भी इस अभियान में सहयोग करें। घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पानी का जमाव न होने दें तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
यह अभियान न केवल स्वच्छता को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि लोगों में जागरूकता भी फैला रहा है कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है। नगर पालिका के इन प्रयासों से शाहगंज को एक स्वच्छ और स्वस्थ नगर बनाने की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।








