
मेरठ। हिंदी पत्रकारिता के 200 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को मेरठ में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के वरिष्ठ पत्रकारों को ‘कलमकार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले पत्रकारों में वे वरिष्ठ कलमकार शामिल रहे जिन्होंने अपने जीवन के तीन दशक से अधिक समय पत्रकारिता क्षेत्र को समर्पित किए हैं। कार्यक्रम का आयोजन द प्रेस क्लब मेरठ एवं एमआईईटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि किसी भी बड़े कार्य की सफलता के लिए मजबूत नींव आवश्यक होती है। हिंदी पत्रकारिता की ऐसी ही मजबूत नींव 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ के माध्यम से रखी गई थी, जिसका प्रभाव आज भी विभिन्न रूपों में समाज को दिशा दे रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक ऐसा पेशा है जो ईमानदारी के साथ समाज की दशा और दिशा दोनों को सुधारने का कार्य करता है।

डॉ. तोमर ने कहा कि मेरठ के विकास और बदलती तस्वीर में यहां के पत्रकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पत्रकारों के सुझावों और मार्गदर्शन ने विकास कार्यों को गति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता के स्वरूप में व्यापक परिवर्तन हुए हैं और प्रिंट मीडिया के साथ-साथ वेब, डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का विस्तार हुआ है, लेकिन प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता आज भी कायम है।
उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में समालोचना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि रचनात्मक आलोचना लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने पत्रकारों से समाज और राष्ट्रहित में निष्पक्ष एवं सकारात्मक एजेंडा निर्धारित करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के उद्भव काल, भारतेंदु काल, द्विवेदी काल, गांधी युग, स्वातंत्र्योत्तर काल और आधुनिक डिजिटल युग तक की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी दिन गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के विरोध में अपनी ‘नाइटहुड’ की उपाधि त्याग दी थी तथा रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और अन्य क्रांतिकारी नेताओं ने ग्वालियर की ओर कूच कर किले पर कब्जा किया था।
जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का यह गौरवशाली दौर कर्मशील पत्रकारों की वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार जनता और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को सामने लाने का कार्य करते हैं। जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करता है, उसी प्रकार पत्रकार समाज के हितों की रक्षा करता है। उन्होंने पत्रकारों को समाज का प्रहरी बताया।
द प्रेस क्लब के महामंत्री कुंत कुमार शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की यात्रा आसान नहीं रही है। समय-समय पर चुनौतियां और परीक्षाएं सामने आईं, लेकिन लोकतंत्र के चौथे स्तंभ ने अपनी गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
कार्यक्रम के दौरान इंद्र मोहन आहूजा, नीरज कांत राही, पुष्पेंद्र शर्मा, सूर्यकांत द्विवेदी, हरिशंकर जोशी, अनिल बंसल, अभिषेक शर्मा, मुकेश गोयल, अशोक गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, रामबोल तोमर, ज्ञान प्रकाश, संत राम पांडेय, नरेश उपाध्याय, नितिन सबरंगी, जेएम शाकाल, कुंवर नौशे मियां, ऋचा जोशी, अनिल गौर, विजय राजा, जयवीर त्यागी, संजय गौतम सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकारों को ‘कलमकार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मान कैबिनेट मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, एमआईईटी के वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, द प्रेस क्लब अध्यक्ष रवि शर्मा एवं महामंत्री कुंत कुमार शर्मा द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एमआईईटी के चेयरमैन गौरव अग्रवाल द्वारा कैबिनेट मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, द प्रेस क्लब अध्यक्ष रवि शर्मा, महामंत्री कुंत कुमार शर्मा एवं कोषाध्यक्ष मुकेश गोयल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार हिमा अग्रवाल ने हाल ही में दिवंगत पत्रकार राजेश अवस्थी के निधन तथा पत्रकारों के समक्ष उत्पन्न वित्तीय संकट के मुद्दे को उठाते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर एवं सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। उन्होंने सरकार के समक्ष पत्रकारों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पायल अग्रवाल ने किया, जबकि द प्रेस क्लब अध्यक्ष रवि शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से एमआईईटी एवं उपज अध्यक्ष अजय चौधरी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके भगीरथ प्रयासों से ही यह आयोजन भव्य स्वरूप ले सका।
समारोह को सफल बनाने में द प्रेस क्लब के संरक्षक दिनेश चंद्रा, मुकेश गोयल, अजय चौधरी, सागर राज, ललित शर्मा, अक्षय चौधरी, राजीव शर्मा, विजय वर्मा, ललित गोस्वामी, त्रिनाथ मिश्रा, शिखा सक्सेना सहित अनेक पत्रकारों और पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
#HindiPatrakarita #HindiJournalismDay #KalamkarSamman2026 #Meerut #PressClubMeerut #Journalism #HindiPatrakarita200Years #SomendraTomar #RajendraSingh #MIETMeerut #Media #Journalists #UPNews #HindiNews #MeerutNews








