अखिलेश यादव से मिले मोहम्मद जुनैद, मुलाकात का वीडियो हुआ वायरल

WhatsApp Image 2026 07 29 at 11.04.58 AM
e radio india meerut

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के दौरान चर्चा में आए मोहम्मद जुनैद ने अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की है। मुलाकात के बाद जुनैद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अखिलेश यादव के साथ एक वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो के साथ मोहम्मद जुनैद ने लिखा, “आज मुलाक़ात हुई एक ऐसे रहनुमा से, जिनकी सोच में जनता और दिल में वतन बसता है। लम्हा छोटा था मगर यादगार बन गया, जब सामना अखिलेश यादव जी से हुआ।” इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

मोहम्मद जुनैद उस समय चर्चा में आए थे,

जब जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारियों के लिए पानी, ब्रेड पकौड़ा और अन्य खाने-पीने की व्यवस्था की थी। उनके इस प्रयास की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हुई और वह आंदोलन का चर्चित चेहरा बनकर उभरे।

आंदोलन के बाद जुनैद ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शनकारियों की मदद करने के कारण उनके परिवार को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। हालांकि, गाजियाबाद पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि उनके पिता को केवल सामान्य पूछताछ के लिए बुलाया गया था और बाद में उन्हें वापस भेज दिया गया था।

गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव निवासी मोहम्मद जुनैद एलएलबी की पढ़ाई कर चुके हैं और खुद को अधिवक्ता बताते हैं। वह न्यायिक सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं।

अखिलेश यादव से उनकी यह मुलाकात अब राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।