
जेल से घरवालों को लिखा लेटर
मेरठ। देश को हिला कर रख देने वाले लगभग डेढ़ साल पहले हुए नीला ड्रम हत्याकांड में अदालत बुधवार को इस कांड की मास्टरमाइंड मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को सजा सुनाएगी। जेल में बंद मुस्कान ने अपनी बड़ी बेटी पीहू से मिलने के लिए परिजनों को लेटर लिखा है। जेल के अधिकारियों के मुताबिक 30 सितंबर को इस हत्याकांड में दोषी करार दिए जाने के बाद से मुस्कान और साहिल किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहे। दोनों ने खाना-पीना भी बेहद कम कर दिया है। हालांकि मुस्कान ने जेल के अधिकारियों के सामने पेश होकर अपने परिवार के पास रह रही बड़ी बेटी पीहू से मिलने की इच्छा जताई है। जेल मैनुअल के अनुसार मुस्कान से उसके घर वालों को पत्र लिखवा कर भेजा गया है। यदि मुस्कान का कोई परिजन उससे मिलना चाहेगा तो उसे मिलने की अनुमति दी जाएगी। वहीं, दोषी करार दिए जाने से पहले जेल में बागवानी आदि कर रहे साहिल ने भी फिलहाल काम से अवकाश ले लिया है। मुस्कान और साहिल जेल में अलग-अलग एकांत समय बिता रहे हैं। बताते चलें कि बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में बुधवार को दोनों आरोपियों को सजा सुनाई जानी है। सौरभ के परिजन दोनों कातिलों के लिए फांसी की मांग कर रहे हैं।
