Report by : News Desk
Published at : Updated at :
0b85f16c 4a7a 45b7 b04d cb768ca941f4
विज्ञापन
विज्ञापन
मान सरकार पर बरसे राहुल गांधी: ‘ड्रग्स सबसे बड़ा मुद्दा, हर शाम नशा करने वाला सीएम नहीं कर सकता मुकाबला’

संगरूर के गांव फगुवाला में कांग्रेस की इंसाफ रैली में राहुल गांधी ने मान सरकार और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सबसे पहले मंच पर मौजूद दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि आज पंजाब में नशा और गैंग्सटरिज़्म सबसे बड़ा संकट बन चुका है।

राहुल गांधी ने मूसेवाला के अपनी पुरानी मुलाकात को याद करते हुए कहा कि सिद्धू मूसेवाला बेहद टैलेंटेड और ऊर्जावान युवा थे। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जिस सोच ने मूसेवाला को दिन-दहाड़े और बिना डरे गोलियों से भून दिया, वह दुखद है। राहुल ने कहा कि जिस पिता को अपने जवान बेटे की अर्थी देखनी पड़े, उससे बड़ा दर्द इस दुनिया में और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मूसेवाला की सिक्योरिटी हटाए जाने के बाद सरेआम उनकी हत्या कर दी गई।

पंजाब में नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब वह पहले पंजाब आए थे और उन्होंने नशे की बात कही थी, तब विपक्ष के तमाम दलों बीजेपी और अकाली दल ने उनकी बात को नकारा था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक प्रदेश में उद्योग, फैक्ट्रियां और खेती-किसानी मजबूत नहीं होगी, तब तक नशा और गैंग्सटरिज़्म का खात्मा नहीं हो सकता।

आप सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने वादा किया था कि वे पंजाब से नशा पूरी तरह मिटा देंगे। जनता ने उन पर भरोसा भी किया, लेकिन आज सवाल यह है कि सरकार ने प्रदेश के किस कोने से नशा खत्म किया है?

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा प्रहार करते हुए राहुल गांधी ने लोकसभा के दिनों का एक संस्मरण साझा किया। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री खुद हर शाम नशे की गिरफ्त में रहता हो, वह जनता को नशे से कैसे बचा सकता है। राहुल ने कहा कि नशा रोकने के लिए एक ऐसे नेता और मुख्यमंत्री की जरूरत है जिसके दिल में पंजाब का असली दर्द हो।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली चुनौती देते हुए सीधा मुकाबला करने और डिबेट की हुंकार भरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि मोदी जी कहते हैं कि कांग्रेसी देशद्रोही हैं, तो मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह कहीं भी, किसी भी मंच या एनडीटीवी के स्टूडियो में मेरे सामने आकर बैठ जाएं। जिसे चाहें जज बना लें, मेज के एक तरफ वह बैठें और दूसरी तरफ मैं बैठूंगा। राहुल गांधी ने दावा किया कि मोदी मेरे सामने टिक नहीं सकते और मैं महज पांच मिनट में साबित कर दूंगा कि असलियत क्या है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब की भगवंत मान सरकार और केंद्र पर भी तीखे हमले किए।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›