मेरठ

मिर्गी के दौरे को अंधविश्वास से न जोड़ें : विशेषज्ञ

  • अंजनये हॉस्पिटल में जागरूकता को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित
  • दौरा पड़ने पर मरीज को प्राथमिक सहायता देकर तुरंत लें चिकित्सकीय परामर्श

मेरठ। मिर्गी यानी दौरे की बीमारी को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अंजनये हॉस्पिटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मिर्गी के विभिन्न प्रकार, लक्षण और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की कि दौरे को झाड़-फूंक या अंधविश्वास से जोड़ने के बजाय मरीज को उचित प्राथमिक सहायता दें और जल्द चिकित्सकीय परामर्श दिलाएं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. भावना तोमर ने बताया कि दौरे कई प्रकार के होते हैं। इनका व्यक्ति के व्यवहार और सामान्य जीवन पर अलग-अलग प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मिर्गी को लेकर समाज में कई गलत धारणाएं प्रचलित हैं। कुछ लोग आज भी इसे अंधविश्वास और झाड़-फूंक से जोड़कर देखते हैं। इससे बीमारी की सही पहचान और उपचार में देरी हो सकती है, जो मरीज के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।

दौरा पड़ने पर घबराएं नहीं, दें प्राथमिक सहायता

डॉ. भावना तोमर ने कहा कि किसी व्यक्ति को दौरा पड़ने पर आसपास मौजूद लोगों को घबराने के बजाय समझदारी से काम लेना चाहिए। मरीज को सुरक्षित रखते हुए उचित प्राथमिक सहायता देना और समय पर चिकित्सकीय मदद उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई बार मरीज को सही उपचार नहीं मिल पाता। इसलिए परिवार और समाज के लोगों को इस बीमारी के लक्षणों और जरूरी सावधानियों की जानकारी होनी चाहिए।

समय पर पहचान और उपचार जरूरी

कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. शोभित तोमर ने कहा कि मिर्गी के दौरे को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर पहचान और उचित उपचार नहीं मिलने पर मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी तरह के अंधविश्वास या घरेलू धारणाओं के बजाय विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय जांच और उपचार से मरीज को बेहतर देखभाल मिल सकती है।

डॉक्टरों ने कहा कि मिर्गी को लेकर सामाजिक भ्रांतियां दूर करना और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाना जरूरी है। सही जानकारी, जागरूकता और समय पर चिकित्सा परामर्श से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।