
- बच्चों और महिला शिक्षिकाओं से भरी थी मिनी ट्रैवल्स बस
- तीन कार, बाइक और खोखे को मारी टक्कर, चार लोग घायल
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया
मेरठ के परतापुर बाईपास पर बच्चों से भरी एक मिनी ट्रैवल्स बस बेकाबू हो गई। बस ने सड़क पर तीन कारों, एक बाइक और एक खोखे को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गनीमत रही कि बस में सवार बच्चों को चोट नहीं आई।
बताया गया कि बस में सेंट पैट्रिक एकेडमी के बच्चे और महिला शिक्षिकाएं सवार थीं। अचानक बस के अनियंत्रित होने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। बस की चपेट में आए वाहनों और खोखे को नुकसान पहुंचा।
चालक पर नशे में होने का आरोप
हादसे के बाद राहगीरों ने बस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण बाईपास पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
