
पुनर्स्थापन की मांग तेज, आवास विकास की कार्रवाई पर सवाल—व्यापार मंडल ने बनाई आंदोलन की रणनीति
मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल की एक अहम बैठक फिल्मीस्तान रोड पर आयोजित हुई, जिसमें सैकड़ों व्यापारियों और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के मुद्दे को लेकर तीखी चर्चा हुई और संगठन विस्तार के साथ-साथ आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पं. आशु शर्मा ने की, जबकि संचालन महामंत्री सुमेर सिंह धार ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से फिल्मीस्तान खैरनगर रोड व्यापार मंडल का गठन किया गया। इसमें मुशीर खान को अध्यक्ष और अनुज बंसल को महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके साथ ही 21 अन्य पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं और सभी ने व्यापारियों के हित में कार्य करने की शपथ ली।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए पं. आशु शर्मा ने सेंट्रल मार्केट में चल रही कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि आवास विकास परिषद द्वारा व्यापारियों को उजाड़ने की कार्रवाई निंदनीय है और इसमें गलत तथ्यों को सर्वोच्च न्यायालय में पेश किया गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि प्रभावित व्यापारियों के पुनर्स्थापन की जिम्मेदारी सरकार उठाए, ताकि व्यापारिक वर्ग को बर्बादी से बचाया जा सके।
उन्होंने कुछ व्यापारिक संगठनों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग व्यापारियों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और मेरठ बंद जैसे मुद्दों को लेकर अपना राजनीतिक एजेंडा चला रहे हैं। ऐसे संगठनों की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज जरूरत व्यापारियों का मनोबल बढ़ाने और सरकार पर दबाव बनाकर समाधान निकालने की है, न कि उन्हें गुमराह करने की।
पं. आशु शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ संगठन पहले भी ध्वस्तीकरण के बाद जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर जश्न मना चुके हैं, जिसे मेरठ का व्यापारी वर्ग भली-भांति पहचान चुका है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के माध्यम से संगठन अब जिला अधिकारियों के जरिए मुख्यमंत्री तक ज्ञापन भेजेगा, ताकि सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की आवाज सरकार तक पहुंचे और उन्हें पुनर्स्थापित करने में मदद मिल सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो संगठन जल्द ही सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।
इस अवसर पर पियूष वसिष्ठ, सरताज गाजी, विजय ओबराय, चंद्र प्रकाश शर्मा, विजय राठी, श्याम परूथी, आदेश अग्रवाल, आसिफ खान, भावेश मेहता, अलमास खान, मंसूर, अशोक शर्मा, हरप्रीत आहुजा, ललित चौहान, रजनीश भाटी, बब्लू प्रधान, रजनीश मिश्रा और योगेश मांगा सहित अनेक व्यापारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।








