मेरठ

जनगणना-2027: 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना

  • मेरठ डीएम डॉ. वीके सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
  • 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जुटाएंगे परिवारों का विवरण

मेरठ। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनसंख्या गणना की प्रक्रिया और कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार नागरिकों को स्व-गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा भी दी जा रही है। इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कर सकेंगे।

डीएम ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर आवश्यक जानकारी भर सकेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और परिवार से संबंधित सही विवरण दर्ज करें, ताकि जनगणना का काम सुचारू रूप से पूरा हो सके।

1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस दौरान वे परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। जिन लोगों ने ऑनलाइन स्व-गणना की होगी, उनके विवरण की प्रक्रिया भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी।

इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। इस चरण में एकत्र की गई जानकारियों की जांच और आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

सही जानकारी देना हर नागरिक की जिम्मेदारी

डीएम डॉ. वीके सिंह ने कहा कि जनगणना देश की नीतियों और विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। इसके आंकड़ों के आधार पर सरकार को विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों और जनसंख्या से जुड़ी स्थितियों की जानकारी मिलती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और सही जानकारी देना बेहद जरूरी है।

उन्होंने लोगों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज करने की अपील की। साथ ही कहा कि घर पहुंचने वाले प्रगणकों को भी सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना-2027 का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया जा सके।