नीट-यूजी पेपर लीक मामले में 14 आरोपियों पर आरोप तय

बीएनएस, भ्रष्टाचार निरोधक कानून और परीक्षा में अनुचित साधनों से जुड़े कानून के तहत आरोप
नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट के विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने मामले की सुनवाई 25 नवंबर से प्रतिदिन करने का निर्देश दिया है। इस आदेश के साथ ही मामले की नियमित सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है।
अदालत ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के तहत आरोप तय किए हैं। सीबीआई ने इन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
इन 14 आरोपियों के खिलाफ तय हुए आरोप
अदालत ने जिन आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया है, उनमें यश यादव, मांगीवाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रह्लाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे, मनीषा संजय हवलदार और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी शामिल हैं।
29 अक्टूबर को सुरक्षित रखा था फैसला
विशेष अदालत ने आरोप तय करने के संबंध में 29 अक्टूबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब अदालत ने आरोप तय करने का आदेश देते हुए 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई करने का कार्यक्रम निर्धारित किया है। इससे मामले की सुनवाई नियमित रूप से आगे बढ़ने की उम्मीद है।
सीबीआई ने इन धाराओं में दर्ज की थी एफआईआर
सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 315(5), 318(4), 61(2), 238 और 303(2) के तहत मामला दर्ज किया था। इसके अलावा भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 13(2) और 13(1)(ए) तथा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 10 और 11 भी प्राथमिकी में शामिल हैं।अब अदालत में 25 नवंबर से प्रतिदिन होने वाली सुनवाई के दौरान मामले से जुड़े आरोपों और साक्ष्यों पर आगे की न्यायिक प्रक्रिया चलेगी।