सिपाही नितिन मलिक की थाना परिसर में अचानक तबियत बिगड़ने से मौत, पुलिस महकमे में शोक
किरतपुर।
थाना परिसर में एक सिपाही की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो जाने से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत सिपाही को श्रद्धांजलि अर्पित की। थाना किरतपुर की भनेड़ा चौकी में पिछले करीब चार माह से तैनात सिपाही नितिन मलिक सोमवार शाम लगभग छह बजे थाना परिसर में मौजूद थे। तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें घबराहट होने लगी। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक व्याप्त हो गया। अधिकारियों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद सिपाही का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव, जनपद शामली ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में कस्बा इंचार्ज दीपक नागर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। करीब 39 वर्षीय सिपाही नितिन मलिक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में भी गहरा शोक है।






