Report by : Santram Pandey
Published at :
यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान जायजा लेने पहुंचे डीएम-एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

सुल्तानपुर। जिले में इस बार कुल 124 परीक्षा केंद्रों पर 78 हजार 858 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। इस क्रम में डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करके नकल विहीन परीक्षा की हकीकत जाना। सुल्तानपुर के डीएम रवीश गुप्ता और एसपी डॉ. विपिन मिश्रा ने हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2022 के दृष्टिगत शांति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा को सकुशल शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत निरीक्षण किया। दोनों ही अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज, केश कुमारी राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। एसपी ने कहा कि परीक्षा में नकल पर रोक लगाने और परीक्षा की शुचिता बनाये रखने के लिये उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-1998 के प्राविधानों को लागू किया गया है।
सामूहिक नकल पर होगी कार्रवाई
उन्होंने यह भी कहा कि कहीं भी सामूहिक नकल की सूचना प्राप्त होने पर इन प्राविधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापन को निर्देश दिया कि परीक्षा निष्पक्ष व नकल विहीन होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही होने व पाये जाने पर तत्काल जेल भेजने की कार्यवाही की जायेगी। सुलतानपुर के क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी व चैकी प्रभारी द्वारा अपने अपने क्षेत्र में संवेदनशीलता के दृष्टिगत भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों में लगी फोर्स को चेक कर उचित दिशा-निर्देश देते हुए शांति सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किया जा रहा है।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›