Report by : Neha Singh
Published at :
हंगामा लोक समिति ने मां भगवती की शोभायात्रा का किया भव्य स्वागत
विज्ञापन
विज्ञापन

धामपुर। हंगामा लोक सामाजिक एवं साहित्य समिति की ओर से श्री गौरी शंकर मंदिर कमेटी द्वारा निकाली गई मां भगवती की विशाल शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को शर्बत, फल और बिस्कुट वितरित किए गए। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच समिति की ओर से किए गए स्वागत की लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर हंगामा लोक सामाजिक एवं साहित्य समिति के मुख्य संरक्षक डॉ. जितेंद्र कौशिक, निर्मला कौशिक, समिति की अध्यक्ष राखी कौशिक, महामंत्री उपासना कौशिक और सचिव गौरव दुआ ने श्री गौरी शंकर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अमित रस्तोगी, महामंत्री संजय जैन, कोषाध्यक्ष राहुल गुप्ता एडवोकेट, उपकोषाध्यक्ष शिवांश शर्मा, सुगम जैन और सार्थक जैन को प्रशस्ति पत्र भेंट कर ‘धामपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सहयोग करना, श्रद्धालुओं की सेवा करना और समाज में आपसी सद्भाव एवं भाईचारे को बढ़ावा देना सराहनीय कार्य है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देते हैं। वहीं, श्री गौरी शंकर मंदिर कमेटी की ओर से शोभायात्रा का भव्य स्वागत करने और श्रद्धालुओं की सेवा करने के लिए हंगामा लोक सामाजिक एवं साहित्य समिति के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान शीलेंद्र शर्मा, नवकेतन शर्मा, भुवनेश्वर प्रताप सिंह, शंकर दत्त भारद्वाज सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›