
मेरठ। सदर बाजार पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद देर रात दो मोबाइल लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान बाइक स्लिप होने से एक लुटेरा घायल भी हुआ। लुटेरों के पास से लूट में प्रयुक्त बाइक, लूट के तीन मोबाइल, हथियार और मोबाइल का स्क्रैप बरामद हुआ है। जांच में सामने आया है कि लूट के बाद यह दोनों लुटेरे मोबाइलों को पुर्जे-पुर्जे करके बेच डालते थे।
सीओ कैंट संजय गुप्ता ने बताया कि देर रात सदर बाजार पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर कैंट रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग शुरू की। इसी बीच कंकरखेड़ा की तरफ से बाइक पर आ रहे दो बदमाशों को रोका गया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने लगे। इसी हड़बड़ाहट में बदमाशों की बाइक स्लिप हो गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने अपने नाम तारापुरी निवासी शादाब उर्फ बाबू और शालीमार गार्डन निवासी सुहेल बताए। बाइक स्लिप होने से शादाब के पैर में चोट भी लगी है। लुटेरों के पास से एक एप्पल के मोबाइल सहित लूट के तीन मोबाइल, तमंचा-कारतूस, घटना में प्रयुक्त किए जाने वाली बिना नंबर की काली स्प्लेंडर बाइक और एक प्लास्टिक के कट्टे में भारी मात्रा में मोबाइल के पार्ट्स बरामद हुए। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह मोबाइल लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। लूट के बाद वह मोबाइल के पार्ट्स दुकानों पर बेचते थे। दोनों लुटेरों को जेल भेजा जा रहा है।

