Report by : editor
Published at :
एआई के दौर में एमएसएमई के सामने नई चुनौतियां
विज्ञापन
विज्ञापन
एआई के दौर में एमएसएमई के सामने नई चुनौतियां
  • मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन ने आयोजित किया ‘नेक्स्टजेन MSME टॉक’
  • तकनीक, काम की गति और नियमों के पालन पर उद्यमियों ने किया मंथन

मेरठ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए नई तकनीकों को अपनाना और बदलते कारोबारी माहौल के अनुरूप खुद को तैयार करना जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन (एमएमए) की ओर से शुक्रवार को पल्हवपुरम स्थित मैनेजमेंट हाउस में ‘नेक्स्टजेन MSME टॉक’ का आयोजन किया गया। इसमें करीब 70 उद्यमियों, पेशेवरों और अतिथियों ने हिस्सा लेकर एमएसएमई के भविष्य, तकनीकी बदलावों और व्यावसायिक चुनौतियों पर चर्चा की।

कार्यक्रम का विषय ‘Futureproofing MSMEs in the Age of AI • SPEED • COMPLIANCE’ रहा। मुख्य वक्ता दीवान ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, मेरठ के निदेशक (इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन) प्रो. संदीप कुमार वर्मा ने कहा कि एआई और आधुनिक तकनीक का प्रभाव अब व्यवसाय के लगभग हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। ऐसे में छोटे और मध्यम उद्योगों को प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव करना होगा।

प्रो. वर्मा ने स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नई तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल व्यवसाय की कार्यक्षमता बढ़ाने, समय और लागत बचाने तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने उद्यमियों को बदलती व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप अपनी रणनीति विकसित करने और तकनीक को कारोबारी विकास का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कार्यक्रम के विषय के अनुरूप व्यवसाय में गति, तकनीकी दक्षता और नियमों के अनुपालन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि एमएसएमई क्षेत्र को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने में नवाचार और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

उद्यमियों को तकनीक के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी

कार्यक्रम में अनुराग अग्रवाल ने मुख्य वक्ता का परिचय दिया। त्रिलोक आनंद ने प्रो. संदीप कुमार वर्मा को पौधा भेंट कर स्वागत किया, जबकि जनरल पी. कौशिक ने वक्ता और उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में नवनीश त्यागी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। योगेश गर्ग ने मुख्य वक्ता को स्मृति-चिह्न भेंट किया।

एमएमए की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और एमएसएमई प्रतिनिधियों को एआई सहित नई तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना और बदलते कारोबारी माहौल में व्यवसाय को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा करना रहा।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›