
- धक्का-मुक्की के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
मेरठ में चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व प्रदेश सचिव विनोद जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ता चुनाव आयोग का पुतला लेकर कमिश्नरी चौराहे पहुंचे। यहां पुतला फूंकने की कोशिश के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों से पुतला छीन लिया। इसको लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की तथा तीखी नोकझोंक हुई।
हंगामे के बाद सपा नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने और नागरिकों के मताधिकार एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
अंबेडकर प्रतिमा की सुरक्षा की मांग
ज्ञापन में ग्राम सिखेड़ा में स्थापित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग भी उठाई गई। सपा नेताओं ने कहा कि प्रतिमा की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए।
प्रदर्शन में बाबा साहब वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष दीपांशु जाटव, छोटेलाल, अंकित जाटव और सुरेश जाटव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

