सुभारती विश्वविद्यालय में ICSDII-2026 का समापन, सतत विकास और AI पर वैश्विक चर्चा
मेरठ:
स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन “सस्टेनेबल डेवलपमेंट एंड इंटेलिजेंट इनोवेशन (ICSDII-2026)” का आज सफल समापन हो गया। 26 से 28 मार्च 2026 तक चले इस सम्मेलन में विज्ञान, पर्यावरण और तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर गहन मंथन हुआ।

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर सतत विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पर्यावरण संरक्षण और जैव प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर 200 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जबकि 300 से ज्यादा प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की।
प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में मौखिक प्रस्तुति में डॉ. अंशु सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तान्या और निखिल क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रस्तुति में अंशिका ने प्रथम, निक्की शर्मा ने द्वितीय और शगुन ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सम्मेलन में कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें सऊदी अरब, अमेरिका, ताइवान और इराक से आए विद्वान शामिल थे। इसके साथ ही भारत के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों ने भी अपने व्याख्यानों से प्रतिभागियों को ज्ञानवर्धन किया।
आयोजन सचिव डॉ. अमित कुमार ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय की सीईओ प्रो. (डॉ.) शल्या राज, कुलपति प्रो. (डॉ.) पी. के. शर्मा और विज्ञान संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) रविंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए संयोजक डॉ. शशिराज तेओतिया और पूरी टीम की सराहना की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभिन्न समितियों और टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन, प्रबंधन, पंजीकरण, आईटी और फोटोग्राफी टीम सहित सभी सदस्यों और छात्र स्वयंसेवकों ने अपनी जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाया।
यह सम्मेलन न केवल शैक्षणिक दृष्टि से सफल रहा, बल्कि इसने वैश्विक स्तर पर सहयोग और नवाचार की दिशा में एक मजबूत संदेश भी दिया।







