पुलिस की सख्ती बढ़ी, गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी
सुलतानपुर।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद के थाना अखण्डनगर क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में फरार चल रहे 12 अभियुक्तों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया है।
यह मामला थाना अखण्डनगर में पंजीकृत मु0अ0सं0-62/2026 से जुड़ा हुआ है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं 109, 191(2), 191(3), 190, 131 और 118(1) लागू हैं। इस प्रकरण में नामजद सभी 12 अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे हैं और पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और अन्य प्रभावी प्रयास भी किए जा रहे हैं।
इस संबंध में अपराध निरीक्षक थाना अखण्डनगर द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसे क्षेत्राधिकारी कादीपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर द्वारा समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारु निगम ने गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक अभियुक्त पर ₹25,000 का इनाम घोषित करने का निर्णय लिया।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के बारे में कोई भी सूचना मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।







