• उत्तर प्रदेश
  • भारत की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधि करता है यूपी: मुख्यमंत्री

    भारत की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत

    लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य है। यह भारत की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व कर्ता है। भगवान धनवन्तरि की पावन भाव भूमि भी प्रदेश की धरती है। भारत का कोरोना प्रबंधन दुनिया में सबसे अच्छा रहा। कोरोना कालखण्ड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में समय से लिए गए निर्णय और समय पर की गई व्यवस्था व पूरे देश से उनके संवाद, संबोधन ने कोरोना के प्रबन्धन में बड़ी भूमिका निभाई। आरोग्य भारती द्वारा बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक नागरिक को उत्तम आरोग्यता प्रदान करने के लिए सराहनीय प्रयास किये गये। आरोग्य भारती ने कोरोना कालखण्ड में बहुत अच्छे सुझाव प्रदेश सरकार को प्रदान किये थे।

    मुख्यमंत्री शनिवार को आरोग्य भारती की अखिल भारतीय प्रतिनिधि मंडल बैठक-2022 के उद्घाटन सत्र में सम्मिलित होकर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोग्य भारती अखिल भारतीय स्तर पर सम्पूर्ण आरोग्यता प्राप्त करने के लिए विगत 20 वर्षों से कार्य कर रही है। इस सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान आरोग्य भारती के स्वयं सेवकों की कार्य पद्धति को सभी ने बहुत नजदीकी से महसूस किया है।

    आरोग्य भारती संस्था ने कोरोना कालखंड के दौरान सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर जनमानस में जनजागरूकता के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अखिल भारतीय प्रतिनिधि मण्डल की बैठक के आयोजन के लिए संस्था को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस बैठक में दैनिक जीवन के क्रियाकलापों, खानपान व अन्य चीजों को लेकर स्वास्थ्य सेवाओं के सम्बन्ध में मंथन होगा। इस मंथन से बीमारी दूर करने के प्रयास कर स्वस्थ समाज से स्वस्थ राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने का कार्य आगे बढ़ेगा। आरोग्य भारती संस्था आज यहां चिंतन व मंथन के माध्यम से अमृत निकालकर आमजन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय मनीषियों के अनुसार ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्’ अर्थात स्वस्थ शरीर ही धर्म के सभी साधनों को पूरा कर सकता है। धर्म के सभी साधन स्वस्थ शरीर में ही निहित होते हैं। उत्तम आरोग्यता को प्राप्त करना प्रत्येक भारतीय की दिनचर्या का पहले से ही हिस्सा रहा है। समय पर जागने, सोने और भोजन करने की आदत रही हो या जीवन से जुड़े संस्कारों से सम्बन्धित कार्यक्रम, सभी भारतीय नागरिक एवं परिवार इन्हें अपनाते हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका की कुल आबादी भारत की आबादी की एक चैथाई है। कोरोना कालखण्ड में अमेरिका में भारत से डेढ़ गुना ज्यादा मौतें हुई थी, यूरोप की भी स्थिति अच्छी नहीं थी। लेकिन कोरोना कालखण्ड में भारत एवं प्रदेश का प्रबन्धन इन देशों के मुकाबले बेहतरीन था। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 से 2017 तक 70 वर्षों के दौरान प्रदेश में 12 राजकीय मेडिकल कॉलेज थे। वर्ष 2017 से वर्ष 2022 के बीच 35 नए राजकीय मेडिकल कॉलेज, एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया से जुड़ चुके हैं। मेडिकल कॉलेज विहीन 16 असेवित जनपदों में पी0पी0पी0 के माध्यम से मेडिकल कॉलेज प्रारम्भ किये जाने हैं।

    इसमें से 06 जनपद चयन प्रक्रिया के अन्तिम चरण में हैं। इस अवसर पर आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, भारत सरकार के आयुष मंत्रालय में सचिव राजेश कोटेचा, अपर सूचना निदेशक अंशुमान राम त्रिपाठी, सिटी मॉण्टेसरी के संस्थापक जगदीश गांधी, आरोग्य भारती के पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

    1b2110adbef6a0e816f24ebb03020a29

    News Desk

    आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।
    1 mins