कोच्चि से लौटा एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान

कोच्चि से लौटा एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान
e radio india meerut
  • इंजन में ऑयल घटने पर चालक दल ने लिया फैसला
  • सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को भेजा गया अबू धाबी

नई दिल्ली। कोच्चि से अबू धाबी जा रहा एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान तकनीकी समस्या के बाद वापस कोच्चि लौट आया। एयरलाइन के अनुसार, चालक दल ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यह फैसला लिया। विमान करीब 50 मिनट की उड़ान के बाद लगभग 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तभी इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से घटने लगी।

बोइंग 737 विमान संख्या IX-415 में तकनीकी संकेत मिलने के बाद पायलटों ने स्थिति का आकलन किया। इसके लिए विमानन क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली FORDEC प्रक्रिया अपनाई गई। ऑयल की मात्रा लगातार कम होने पर विमान को वापस कोच्चि ले जाने का निर्णय लिया गया।

वापसी के दौरान चालक दल ने इंजन के अलग-अलग मानकों पर लगातार नजर रखी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल को स्थिति की जानकारी देने के बाद विमान ने कोच्चि की ओर रुख किया। बताया गया है कि वापसी के दौरान करीब 45 मिनट बाद इंजन-1 का ऑयल प्रेशर भी अस्थिर होने लगा और कॉकपिट में चेतावनी लाल क्षेत्र तक पहुंच गई।

चालक दल ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतार लिया। एयरलाइन के मुताबिक, हादसे में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को नुकसान नहीं हुआ। यात्रियों को बाद में वैकल्पिक विमान से अबू धाबी भेजा गया।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि करीब एक सप्ताह पहले हुई यह घटना स्थापित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत संभाली गई थी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि किसी तकनीकी संकेत या संभावित जोखिम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्णय लिया जाता है।