विशेष

योगी का बड़ा बयान: बुलडोजर बना यूपी की पहचान, यहां बनेगा तो दुनिया में बढ़ेगी मांग

  • साढ़े नौ साल में मिले 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव
  • जेवर को औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार और औद्योगिक निवेश को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर को प्रदेश की नई पहचान से जोड़ते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। यदि कंपनियां प्रदेश में बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण शुरू करती हैं तो देश ही नहीं, विदेशों में भी इनकी मांग स्वतः बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति तथा बुलडोजर की कार्रवाई से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और उत्तर प्रदेश निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र के शिलान्यास कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 100 एकड़ क्षेत्र में 1200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित होने वाला यह संयंत्र प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और औद्योगिक विकास को नई गति देगा।

अपराध के लिए बदनाम जेवर अब निवेश का नया केंद्र

मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस इलाके की पहचान कभी गोलीबारी और अपराध के कारण होती थी, वही आज निवेश के लिए देश के प्रमुख गंतव्यों में शामिल हो रहा है। जेवर अब भारत के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनकर उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र के विकास से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक गतिविधियों को विस्तार मिल रहा है। इस क्षेत्र में एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर संयंत्र, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। इनसे प्रदेश में निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

बीमारू राज्यों की श्रेणी से निकलकर शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा यूपी

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, पिछड़ेपन और अराजकता जैसी चुनौतियां थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने विकास की नई दिशा पकड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव प्रदेश की पहचान बना रहा है।

योगी ने दावा किया कि प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित की है। डीरेग्युलेशन के मामले में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला प्रदेश अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है।

साढ़े नौ साल में 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने निवेश के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। मुख्यमंत्री ने इन आंकड़ों को प्रदेश में बदलते औद्योगिक परिदृश्य का संकेत बताया।

1200 करोड़ के निवेश से हजारों रोजगार के अवसर

सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए संयंत्र को प्रदेश के कृषि और औद्योगिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 एकड़ में स्थापित होने वाला यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देगा। 1200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने बताया कि देश के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस संयंत्र की स्थापना से स्थानीय अर्थव्यवस्था, किसानों और युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कंपनी प्रबंधन को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना और संचालन के लिए हर संभव सहयोग तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

वैश्विक कंपनियों के सहयोग से तैयार होगी उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कार्यशक्ति

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि प्रदेश में इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार हो सके।

उन्होंने कहा कि आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और कौशल को उद्योगों से जोड़कर रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक निवेश, आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित मानव संसाधन के समन्वय से उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।