मेरठ। एंटी करप्शन डिपार्टमेंट की टीम ने बुधवार को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के विकास नगर बिजली घर पर संविदा लाइनमैन को छह हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मीटर बदलने की एवज में संविदा लाइन ने रिश्वत मांगी थी। आरोपी से नौचंदी थाने में पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित शारिक के मुताबिक उसके घर का बिजली का मीटर बदला जाना था। जिसके चलते शारिक ने जेल चुंगी कार्यालय जाकर सरकारी रसीद भी कटवाई थी। इसके बाद जब शारिक ने विकास नगर बिजली घर में संपर्क किया तो उससे 13 हजार की रिश्वत मांगी गई। जहां शारिक की मुलाकात किदवई नगर के हरि का पुल निवासी संविदा लाइनमैन सरफराज से हुई। सरफराज ने छह हजार में मीटर बदलवाने का आश्वासन दिया। जिस पर शारिक ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन डिपार्टमेंट में की। बुधवार को एंटी करप्शन डिपार्टमेंट की टीम ने सरफराज को शारिक से छह हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नौचंदी थाना पुलिस के सुपुर्द करते हुए पूछताछ की जा रही है।