E RADIO INDIA

राष्ट्र की डिजिटल आवाज

EServiceMantraStripe Advt 500x127
12वीं की छात्रा ने नहर में लगाई छलांग
News उत्तर प्रदेश मेरठ

12वीं की छात्रा ने नहर में लगाई छलांग

दो दिन बाद भी नहीं लगा सुराग; पीएसी के गोताखोर संभालेंगे मोर्चा

सरधना |

सरधना गंग नहर में पिलखुवा मेरठ। खेड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय 12वीं कक्षा की छात्रा रीतू तोमर द्वारा नहर में छलांग लगाने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अब छात्रा की खोज के लिए पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया है, जो गुरुवार से सर्च ऑपरेशन शुरू करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार खेड़ा गांव निवासी रीतू तोमर पुत्री पप्पन तोमर कक्षा 12वीं की छात्रा थी। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वह घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपनी सहेली से नोट्स लेने जा रही है। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। बताया गया कि छात्रा के भाई मोहित तोमर के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल पर रीतू ने खुद बात की और बताया कि वह मेरठ में है तथा कुछ देर में घर लौट आएगी। इससे परिजनों को कुछ राहत मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही। करीब सवा 11 बजे मोहित के पास दोबारा कॉल आई। इस बार फोन पर एक अज्ञात महिला ने जानकारी दी कि रीतू ने नहर में छलांग लगा दी है। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक स्तर पर स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नहर में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बावजूद छात्रा का कोई पता नहीं चल सका। नहर में तेज बहाव के चलते सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब पीएसी के विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है, जो गुरुवार सुबह से विस्तृत सर्च अभियान शुरू करेगी। साथ ही पुलिस छात्रा के मोबाइल कॉल डिटेल्स और घटनाक्रम की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल छात्रा का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

A282b0bec97cb294f7ff1ac422ea9da756038bbf9b401c4b651723ceec9f52e4
आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।