एमआईईटी में साइंस फेस्ट-2026 में 24 स्कूलों के 509 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

मेरठ। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को साइंस फेस्ट-2026 का आयोजन किया गया। इसमें मेरठ और आसपास के 24 विद्यालयों के 509 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर विज्ञान एवं तकनीक पर आधारित आकर्षक वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, मेरठ की जोनल हेड मान्या चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। इससे उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित होने के साथ नई तकनीकों के प्रति रुचि भी बढ़ती है।
प्रतियोगिता को बेस्ट क्रिएटिविटी, बेस्ट कॉन्सेप्ट, बेस्ट प्रेजेंटेशन और बेस्ट इनोवेशन आइडिया सहित चार श्रेणियों में आयोजित किया गया। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।परिणामों में बेस्ट कॉन्सेप्ट श्रेणी का प्रथम पुरस्कार सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, सरधना को मिला। बेस्ट क्रिएटिविटी में इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, मेरठ, बेस्ट प्रेजेंटेशन में आरजी इंटर कॉलेज, मेरठ और बेस्ट इनोवेशन आइडिया में दीवान पब्लिक स्कूल, वेस्ट एंड रोड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।फेस्ट में दीवान पब्लिक स्कूल, केएल इंटरनेशनल स्कूल, ऋषभ एकेडमी, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, बलराम सरस्वती शिशु मंदिर, सेंट पीटर्स एकेडमी, एमआईईटी पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज सरधना, मेपल्स पब्लिक स्कूल खतौली, रॉम्बस वर्ल्ड स्कूल, वेद इंटरनेशनल स्कूल, बीके माहेश्वरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, आरजी इंटर कॉलेज और खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित 24 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. सपना देशवाल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. संजय कुमार सिंह, प्रिंसिपल डॉ. हिमांशु शर्मा, डॉ. अंकुर गोयल, शिखा चौहान, रितिमा, सुमित, रमेश और डॉ. आशिमा का विशेष योगदान रहा। संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल और बरखा अग्रवाल ने आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को बधाई दी।साइंस फेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक कल्पनाओं को कार्यशील मॉडलों में बदलने और नवाचार के जरिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला।