Report by : Neha Singh
Published at :
निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा गिरा, एक की मौत, कई मजदूर घायल
विज्ञापन
विज्ञापन

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में कोसी नदी पर बन रहा बकौर पुल का एक बड़ा हिस्सा शुक्रवार को टूट कर नीचे गिर गया। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सुबह जानकारी मिली कि निर्माणाधीन बकौर पुल का एक हिस्सा नीचे गिर गया है। अब तक मिली सूचना के मुताबिक इस घटना में नौ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। घायलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहत कार्य अभी भी जारी है।
बताया जाता है कि शुक्रवार को सुबह तीन पिलर 50, 51 और 52 का गार्टर नीचे गिर गया। इस घटना में कई मजदूर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना के बाद ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।
खबरों के मुताबिक, स्थानीय लोग पहले से ही पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे थे। बकौर पुल देश का सबसे लंबा निर्माणाधीन सड़क पुल है। बिहार के मधुबनी जिले के भेजा से सुपौल जिले के बकौर के बीच कोसी नदी के ऊपर देश के सबसे लंबे 10.2 किमी सड़क पुल के साथ 3.01 किमी का पहुंच पथ का कार्य दिसम्बर 2024 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। इस पुल के निर्माण के बाद सुपौल से मधुबनी की दूरी कम से कम 30 किलोमीटर कम हो जाएगी।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस परियोजना की कुल लागत 1199.58 करोड़ रुपये है। इस पुल का निर्माण भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›