
आजमगढ़: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार एवं अवैध धन वसूली के आरोपों को लेकर बृहस्पतिवार को आशा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आशा बहू कल्याण समिति की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में किया गया।प्रदर्शन के बाद आयोजित बैठक में आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने आरोप लगाया कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने, कुत्ते के काटने पर लगने वाले इंजेक्शन सहित कई स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मरीजों से अवैध रूप से धन की मांग की जाती है। मांग पूरी न होने पर कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है, जिससे आम जनता और आशा कार्यकर्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 14 दिनों के भीतर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी समस्याओं के समाधान का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आगामी 1 मई को सीएचसी पर ताला बंद कर आशा कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठेंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक संयोजक रीना उपाध्याय, बृजबाला सिंह, प्रियंका सिंह, शारदा मौर्य, कामिनी सोनी, उर्मिला चौबे, उषा सिंह, आशा देवी, प्रियंका चौबे, चंदा सिंह और सुशीला सहित कई आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।








