
करौदी कला/कादीपुर। सत्यपथ फाउंडेशन द्वारा आयोजित मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभाओं का भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग उ.प्र. (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे बड़ा मंत्र निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिनाइयाँ ही इंसान को मजबूत बनाती हैं, इसलिए चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहसपूर्वक सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही देश का भविष्य हैं और उनके कंधों पर राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।




कार्यक्रम में मंत्री ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।
सत्यपथ फाउंडेशन के संरक्षक एवं समाजसेवी विवेक तिवारी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा जन्मजात नहीं होती, बल्कि निरंतर परिश्रम, सही मार्गदर्शन और मजबूत संकल्प से विकसित होती है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उपलब्धि का प्रतीक नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य की एक मजबूत नींव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आप सभी अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का गौरव हैं। आपमें से ही भविष्य के डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासक और देश के नेतृत्वकर्ता निकलेंगे।”उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज की सबसे बड़ी सेवा है, जिससे नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का मार्ग मिलता है।
विधायक राजेश गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के संयोजक डा. रत्नेश तिवारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सत्यपथ फाउंडेशन का उद्देश्य केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार करना है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, समाजसेवा और संस्कार निर्माण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, गर्व और प्रेरणा के वातावरण में हुआ, जहां मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरे सम्मान पाकर खिल उठे और उन्होंने अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प लिए। कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने राज्यपाल से सम्मानित शिक्षक पँ. राधेश्याम त्रिपाठी को पुष्पांजलि अर्पित किया।
वरिष्ठ अधिवक्ता पँ. राम मिलन तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर तहसील क्षेत्र के 100 मेधावियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया जिसमें प्रथम आदर्श शुक्ला, द्वितीय आयुष कुमार व शोर्य तिवारी को मेडल प्रदान किया गया। कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष भाजपा सुशील त्रिपाठी, डा. डीएस मिश्र, निवर्तमान जिलाध्यक्ष डा. आर.ए. वर्मा,पूर्व कुलपति डा. अविनाश चन्द्र पाँडेय, प्रमुख कादीपुर डा. श्रवण मिश्र, डॉ सौरभ त्रिपाठी, घनश्याम चौहान, अतुल सिंह आदि संबोधित किया।
इस अवसर पर रामविनय सिँह, प्रमुख प्रतिनिधि सर्वेश मिश्र, गिरिजेश तिवारी, विजयधर मिश्र, देवव्रत पाँडेय (बीडीसी), डा. सुरेंद्र तिवारी, रितेश दूबे, अम्बरीश मिश्र, जगदम्बा उपाध्याय, महेंद्र मिश्र, उदय सिंह आदि उपस्थित रहे।








