
मेरठ। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच के लिए निकले किसानों का आंदोलन मंगलवार को प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद फिलहाल स्थगित हो गया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर कई घंटे तक चले गतिरोध के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्थता से मामला सुलझ गया और भारतीय किसान यूनियन (धन सिंह कोतवाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने धरना समाप्त करने तथा काफिला वापस ले जाने की घोषणा की।
दिल्ली कूच को लेकर काशी टोल प्लाजा पर किसानों और पुलिस-प्रशासन के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई थी।
दिल्ली कूच को लेकर काशी टोल प्लाजा पर किसानों और पुलिस-प्रशासन के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई थी। मौके पर परतापुर, ब्रह्मपुरी और अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और किसान नेताओं से बातचीत की। अधिकारियों ने किसानों की मांगों और चिंताओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
वार्ता के बाद पवन गुर्जर ने कहा कि किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसान हितों के खिलाफ बताते हुए अपना विरोध प्रशासन के माध्यम से सरकार तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के आग्रह और आश्वासन पर फिलहाल दिल्ली कूच स्थगित किया जा रहा है, लेकिन यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
किसानों के लौटने के बाद काशी टोल प्लाजा पर स्थिति सामान्य हो गई।
किसानों के लौटने के बाद काशी टोल प्लाजा पर स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने लगाए गए बैरिकेड्स हटाए और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया। प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि बातचीत के माध्यम से स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित कर लिया गया।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (धन सिंह कोतवाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने आंदोलन को लेकर अपना पक्ष भी रखा।









