
मेरठ। पांच दिन पहले नौचंदी थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता की पत्नी से चेन लूटने वाले दूसरे लुटेरे को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। जिसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
बताते चले की गढ़ रोड रतन कुंज अपार्टमेंट में मूल रूप से प्रयागराज निवासी अभिषेक श्रीवास्तव का परिवार रहता है। अभिषेक श्रीवास्तव विद्युत विभाग में अधीक्षण अभियंता हैं। आठ अक्टूबर की शाम अभिषेक की पत्नी चांदनी इवनिंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो लुटेरों ने चांदनी से चेन लूट ली। छीना-झपटी में आधी चेन बदमाशों के हाथ में रह गई। इसके बाद बदमाश अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चांदनी से चेन लूटने वाले एक लुटेरे हिमांशु उर्फ डिंपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि देर रात नौचंदी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नौचंदी ग्राउंड के पास दूसरे बदमाश की भी घेराबंदी कर ली। इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में लुटेरा शावेज पुत्र शमीम निवासी जाकिर कॉलोनी पैर में गोली लगने से घायल हुआ। जिसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और लगभग साढ़े तीन हजार रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि चांदनी से हुई लूट में शावेज भी शामिल था। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
