राज्य मंत्री दिनेश खटीक को जान से मारने की धमकी, ब्लॉक प्रमुख ने दर्ज कराया मुकदमा

df0a6c41 7f9a 4fe0 89c3 66656ccfce44
e radio india meerut

मेरठ। यूपी सरकार में जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक को संप्रदाय विशेष के व्यक्ति द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। हस्तिनापुर के ब्लॉक प्रमुख ने इस मामले में बहसूमा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
रानी नंगला निवासी नितिन पोसवाल हस्तिनापुर के ब्लॉक प्रमुख हैं। घटना लगभग 15 दिन पुरानी बताई जा रही है। नितिन के मुताबिक 29 सितंबर को वह जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक के साथ सहारनपुर के सरसावा स्थित उनकी बहन के घर पर गए थे। रात करीब 2:00 बजे वह राज्य मंत्री दिनेश खटीक के साथ गाड़ी से मेरठ वापस लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान राज्य मंत्री के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। दिनेश खटीक ने फोन नितिन के हाथ में दे दिया। नितिन के कॉल उठाते ही कॉल करने वाले ने गाली गलौज करते हुए राज्य मंत्री को जान से मार देने की धमकी दी। अगले दिन फिर उक्त व्यक्ति द्वारा राज्य मंत्री के मोबाइल पर कॉल करके यही धमकी दोहराई गई। इसके बाद जब इस नंबर की जांच कराई गई तो वह नंबर गणेशपुर निवासी अनस पुत्र इमामुद्दीन का पाया गया। हस्तिनापुर के ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल ने आरोपी को नामजद करते हुए घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। उधर, राज्य मंत्री को धमकी दिए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।