देश

लाल किला ब्लास्ट केस के दो मामले दिल्ली की एनआईए कोर्ट में ट्रांसफर

  • सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में दर्ज मामलों को स्थानांतरित करने का दिया आदेश
  • तीनों एफआईआर को एक साथ जोड़कर सुनवाई की अनुमति

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की याचिका स्वीकार करते हुए जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में दर्ज दो मामलों को दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। अब इन मामलों की सुनवाई दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट स्थित विशेष एनआईए अदालत में होगी। शीर्ष अदालत ने तीनों एफआईआर को एक साथ जोड़कर सुनवाई करने की भी अनुमति दी है।

जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने सोमवार को एनआईए की ट्रांसफर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। एनआईए का कहना था कि जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली में दर्ज तीनों मामले लाल किला विस्फोट के पीछे कथित बड़ी साजिश और ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ से जुड़े हुए हैं। एजेंसी के मुताबिक, इन मामलों का संबंध कथित ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल’ से है, जिसकी गतिविधियां कई राज्यों तक फैली हुई थीं।

तीनों मामलों को एक साथ सुनने की अनुमति

एनआईए ने अदालत में दलील दी थी कि अलग-अलग राज्यों में दर्ज एफआईआर की जांच एक ही कथित साजिश से संबंधित है। ऐसे में सभी मामलों की सुनवाई एक ही अदालत में होने से जांच और न्यायिक प्रक्रिया में समन्वय बना रहेगा। सुप्रीम कोर्ट ने एजेंसी की मांग स्वीकार करते हुए जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के दो मामलों को दिल्ली स्थानांतरित करने तथा तीनों एफआईआर को एक साथ जोड़कर सुनवाई की अनुमति दे दी।

10 नवंबर 2025 को हुआ था विस्फोट

गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर तीन के पास एक कार में विस्फोट हुआ था। इस घटना में 13 लोगों की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि कार फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉ. उमर नबी चला रहा था। विस्फोट में उसकी भी मौत हो गई थी।

एनआईए ने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे डॉक्टरों सहित पढ़े-लिखे पेशेवरों का कथित ‘व्हाइट कॉलर’ नेटवर्क सक्रिय था। जांच एजेंसी के अनुसार, उमर उन नबी इस साजिश का मुख्य आरोपी था और उसने आत्मघाती हमलावर के रूप में विस्फोट किया था।

12 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की गई चार्जशीट

एनआईए ने सितंबर में इस मामले में कुल 12 आरोपियों के खिलाफ करीब 75 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। एजेंसी ने उमर उन नबी का नाम भी आरोपियों की सूची में शामिल किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि विस्फोट के पीछे एक व्यापक साजिश थी, जिसकी कड़ियां दिल्ली के अलावा जम्मू-कश्मीर और हरियाणा तक जुड़ी हुई हैं। अब संबंधित मामलों को दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत में स्थानांतरित किए जाने के बाद उनकी सुनवाई एक ही न्यायिक मंच पर होगी।