मेरठ

बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर भारत रत्न देने की मांग

  • मेरठ के छीपी टैंक स्थित शिवसेना कार्यालय में शिवसैनिकों ने दी श्रद्धांजलि
  • शिवसेना यूबीटी के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से की सम्मान देने की मांग

मेरठ। शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि पर मेरठ में शिवसैनिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर छीपी टैंक स्थित शिवसेना कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिवसेना यूबीटी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। साथ ही केंद्र सरकार से बालासाहेब ठाकरे को भारत रत्न देने की मांग उठाई।

कार्यक्रम में शिवसेना यूबीटी के प्रदेश महासचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र तोमर ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने शिवसेना के गठन के समय 80 प्रतिशत समाज सेवा और 20 प्रतिशत राजनीति का सिद्धांत तय किया था। उन्होंने दावा किया कि शिवसेना यूबीटी आज भी इसी विचारधारा के आधार पर काम कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि बालासाहेब ठाकरे को जल्द भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।

इस मौके पर अवनीश आर्य, पंकज गुप्ता, सनी प्रधान, यासीन खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और शिवसैनिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बालासाहेब ठाकरे के विचारों और उनके राजनीतिक-सामाजिक योगदान को याद किया गया।