बुलडोजर से नष्ट किए गए 172 मॉडिफाइड साइलेंसर

मेरठ में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यातायात माह के तहत पुलिस ने 172 मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोजर से कुचलकर नष्ट कर दिया। रिजर्व पुलिस लाइन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात भी मौजूद रहे।
दरअसल, शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहनों में लगे अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए थे। जब्त किए गए इन 172 साइलेंसरों को अब बुलडोजर चलवाकर नष्ट करा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आम लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बनती है। ऐसे साइलेंसरों का इस्तेमाल यातायात और पर्यावरण से जुड़े निर्धारित नियमों के विपरीत है। वाहनों में मानकों के अनुरूप साइलेंसर लगाना अनिवार्य है।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी की ओर से निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें। नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।मेरठ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।