e radio india meerut

अखिलेश के प्रणपत्र पर जेडीयू ने उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले PDA की राजनीति को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है! समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने जैसे ही PDA का प्रणपत्र जारी किया, वैसे ही जनता दल यूनाइटेड ने इस पर सवाल खड़े कर दिए। जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने अखिलेश यादव की PDA रणनीति और सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा है।

राजीव रंजन का आरोप है कि अखिलेश यादव PDA की परिभाषा अलग-अलग तरीके से पेश कर रहे हैं। कभी इसे पंडितों से तो कभी पिछड़े वर्गों से जोड़कर बताया जाता है। उन्होंने दावा किया कि PDA के नाम पर सपा अलग-अलग वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता अब उसकी राजनीति को समझ रही है।

राजीव रंजन ने सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि दोनों दलों के बीच राजनीतिक प्रभाव और सीटों को लेकर मतभेद हैं। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन होने के बावजूद विपक्ष को चुनाव में खास फायदा नहीं मिलेगा।

जेडीयू प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाले एनडीए को मजबूत बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों के आपसी मतभेद उनके लिए चुनौती बनेंगे।

अब सवाल यह है कि PDA का प्रणपत्र विपक्षी राजनीति को किस दिशा में ले जाएगा और क्या सपा-कांग्रेस अपने गठबंधन के भीतर चल रही सीटों की खींचतान सुलझा पाएंगे? फिलहाल 2027 की चुनावी जंग से पहले जुबानी हमले तेज हो गए हैं।