Report by : editor
Published at :
रवीना टंडन की वेब सीरीज अरण्यक का बनेगा दूसरा सीजन रवीना टंडन की वेब सीरीज अरण्यक का बनेगा दूसरा सीजन
विज्ञापन
विज्ञापन

बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा रवीना टंडन ने हाल में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू किया है। वह अपनी पहली वेब सीरीज अरण्यक को लेकर लाइम लाइट में हैं। इस सीरीज का प्रसारण 10 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर हुआ है। दर्शकों ने इस सीरीज को अच्छी प्रतिक्रिया दी है। अब सीरीज के प्रोड्यूसर सिद्धार्थ रॉय कपूर ने इसकी अगली कड़ी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि अरण्यक का दूसरा सीजन जल्द बनेगा।

सिद्धार्थ ने बताया है कि अरण्यक का दूसरा सीजन बनेगा। उन्होंने कहा कि इसके दूसरे सीजन को बनाने की योजना पर पहले से ही काम चल रहा है। उन्होंने कहा, आप दूसरे सीजन की उम्मीद कर सकते हैं और इस पर टीम बहुत मेहनत भी कर रही है। दर्शकों से शो को मिले प्यार के बाद हमें उम्मीद है कि दूसरा सीजन पहले सीजन के तरह ही होगा।

सिद्धार्थ ने आगे बताया, कस्तूरी डोगरा और अंगद के किरदार यहीं से चीजों को आगे ले जाएंगे। इसमें महादेव (आशुतोष राणा) भी होंगे। ये तीनों किरदार शो के आधार हैं। पहले सीजन के अंत ने इसको लेकर एक संकेत दिया है। हालांकि, हम दूसरे सीजन के बारे में ज्यादा बात नहीं कर सकते। इस सीरीज में रवीना को कस्तूरी की भूमिका में देखा गया है। वहीं, परमब्रत चट्टोपाध्याय अंगद के किरदार में नजर आए हैं।

थ्रिलर सीरीज में रवीना एक पुलिस वाले की भूमिका में नजर आई हैं। सीरीज का निर्देशन विनय वैकुल ने किया है। इसमें जाकिर हुसैन और मेघना मलिक भी दिखी हैं। रॉय कपूर फिल्म्स और रमेश सिप्पी एंटरटेनमेंट द्वारा इसका निर्माण किया गया है। यह एक रहस्यपूर्ण सुपरनैचुरल थ्रिलर है। रमेश सिप्पी के बेटे रोहन सिप्पी इस सीरीज के शोरनर भी हैं। सीरीज का लेखन चारुदत्त आचार्य ने किया है। कहानी एक विदेशी पर्यटक के शहर में गायब होने की है।

सिद्धार्थ अपने बैनर रॉय कपूर फिल्म्स के माध्यम से दंगल, हैदर, बर्फी और काई पो चे जैसी फिल्में बना चुके हैं। इन फिल्मों को समीक्षकों के साथ दर्शकों का भी प्यार मिला है। बॉक्स ऑफिस पर भी ये फिल्में सफल रही हैं।

रवीना के फिल्मी करियर की बात करें तो वह 90 के दशक की सदाबहार अदाकारा रही हैं। मोहरा, दिलवाले, लाडला, जिद्दी, अंदाज अपना अपना, शूल, दमन और सत्ता जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने अभिनय का जादू बिखेरा है। इसके अलावा उन्हें कई रियलिटी शोज में बतौर मेहमान भी देखा गया है। हाल के दिनों में वह पहले की तरह फिल्मों में सक्रिय नहीं रही हैं। उम्मीद है कि रूपहले पर्दे उनकी सक्रियता फिर से बढ़ेगी।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›