
मेरठ। बृहस्पतिवार की रात लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो युवकों पर की गई फायरिंग की घटना में शामिल मुख्य आरोपी उजेर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में उजेर किसी मकान की छत पर चढ़कर पिस्टल से हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। सीओ कोतवाली का कहना है कि फायरिंग के आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बताते चलें कि आमिर गार्डन निवासी उजेर ने कुछ दिन पहले कॉलोनी की एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी। क्षेत्र के ही रहने वाले रहमान और शहबाज ने इसका विरोध किया। जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी। बृहस्पतिवार की रात रहमान शहबाज के साथ अपने घर के बाहर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान उजेर, शोएब, अलफैज और तीन-चार अज्ञात युवक रहमान के घर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग करके फरार हो गए। इस मामले में रहमान ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी। उधर, शुक्रवार की सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें घटना का मुख्य आरोपी उजेर किसी मकान की छत पर चढ़कर अवैध पिस्टल से हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
