देश

सोच की सीमाएं तोड़कर ही राष्ट्र पहचानते हैं क्षमता: मोदी

e radio india meerut
  • आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में प्रधानमंत्री ने युवाओं को नवाचार और आत्मनिर्भरता का मंत्र दिया
  • स्वतंत्रता सेनानियों के डिटेंशन कैंप वाली जमीन पर बने संस्थान के इतिहास को किया याद, विकसित भारत में योगदान का आह्वान

खड़गपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के प्लेटिनम जुबली समारोह में कहा कि राष्ट्र अपनी वास्तविक क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों को स्वीकार करने, नए विचारों पर काम करने और देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपनी 75 वर्षों की यात्रा में देश के तकनीकी और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत ने इन दशकों में बैलगाड़ियों से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों तक का सफर तय किया है। इस बदलाव के हर दौर में देश के पहले आईआईटी ने अपनी भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान का अनुभव विकसित भारत के लक्ष्य और देश की नवाचार क्षमता को आगे बढ़ाने में उपयोगी होगा।

स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत से जुड़ा है संस्थान

मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्थान उस स्थान पर बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को रखने के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने विद्यार्थियों से कल्पना करने को कहा कि उस दौर में यहां बंद स्वतंत्रता सेनानी देश की आजादी और भविष्य को लेकर क्या सोचते और चर्चा करते होंगे।

उन्होंने कहा कि उस समय स्वतंत्रता सेनानियों का सपना देश को अपना शासन दिलाना था, जबकि आज इसी धरती पर तैयार हो रहे युवा अपने नवाचार और विचारों से भारत को आत्मनिर्भर बनाने में जुटे हैं। पहले यहां स्वतंत्रता का सपना था और आज भविष्य निर्माण का अवसर है। आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का यह सफर विकसित भारत की असली ऊर्जा है।

सेमीकंडक्टर और अंतरिक्ष क्षेत्र का दिया उदाहरण

प्रधानमंत्री ने कहा कि कई बार लोग अपनी सोच को सीमित कर लेते हैं और पहले ही तय कर लेते हैं कि क्या संभव है और क्या नहीं। उन्होंने सेमीकंडक्टर मिशन का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआत में इस दिशा में भारत की क्षमता को लेकर सवाल उठाए गए, लेकिन प्रयासों से देश में सेमीकंडक्टर सुविधाओं का विकास हुआ और भारत चिप निर्यात करने लगा है।

उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी बढ़ाने का भी उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि पहले इसरो के बाहर के युवाओं के लिए इस क्षेत्र में अवसर सीमित थे, लेकिन अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी नवाचार के लिए खोलने से नए स्टार्टअप सामने आए। आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन चंदना की कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय युवा अब निजी रॉकेट निर्माण और अंतरिक्ष तकनीक में योगदान दे रहे हैं। आने वाले दो दशक युवाओं और देश, दोनों के लिए महत्वपूर्ण होंगे। आईआईटी खड़गपुर के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों से उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग करने का आह्वान किया।