
- श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ के गाने पर बनाया वीडियो
- 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी म्यूजिकल ड्रामा फिल्म
मुंबई। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी एक पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ के गाने ‘मिर्च मसाला’ पर डांस करते हुए एक वीडियो साझा किया है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में अक्षरा गाने की धुन के साथ डांस और चेहरे के हाव-भाव से तालमेल बिठाती नजर आ रही हैं।
अक्षरा ने वीडियो के साथ प्रशंसकों से भी इस गाने पर रील बनाने की अपील की। उन्होंने लिखा, “हमारे गाने पर मेरी पहली रील… अब आपकी बारी।” साथ ही उन्होंने फैंस से अपनी रील में उन्हें टैग करने को कहा, ताकि वह उनके बनाए वीडियो देख सकें। अक्षरा ने श्रद्धा कपूर को भी फिल्म के लिए प्यार देने की अपील की और 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में मिलने की बात कही।
विठाबाई के जीवन से प्रेरित है फिल्म
‘ईठा’ एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसकी कहानी महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। विठाबाई ने अपने नृत्य और कला के जरिए महाराष्ट्र की लोककला को पहचान दिलाई थी।
फिल्म में श्रद्धा कपूर विठाबाई की भूमिका निभा रही हैं। कहानी में एक महिला कलाकार के संघर्ष, निजी जीवन के उतार-चढ़ाव और अपनी कला के दम पर पहचान बनाने के सफर को दिखाया गया है। इसमें प्रेम, धोखा, दर्द, हिम्मत और सपनों को पूरा करने के जुनून जैसे पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
कई कलाकार निभाएंगे अहम भूमिकाएं
फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नाना पाटेकर, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी नजर आएंगे। रणदीप हुड्डा फिल्म में विठाबाई के पति अन्ना सावंत मर्चेंट की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्माण दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने किया है। इसकी कहानी और पटकथा क्षितिज पटवर्धन तथा लक्ष्मण उतेकर ने लिखी है। संगीत की जिम्मेदारी अजय-अतुल ने संभाली है, जबकि गीत अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं।
‘मिर्च मसाला’ से पहले फिल्म का गाना ‘जी जी रे जी’ भी जारी किया जा चुका है। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
