
मोहाली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को फोन किया और व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे। शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि सात करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या कर दी जाएगी।
विधायक के निजी मोबाइल पर आया धमकी भरा फोन
विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई और उसी नंबर से व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। व्हाट्सएप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम ‘एच’ दिखाई दे रहा था।शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और विधायक से कहा कि वह अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कहें। रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप है कि कॉल के बाद उसी मोबाइल नंबर से लिखित संदेश भी भेजा गया, जिसमें सात करोड़ रुपये की मांग दोहराते हुए हत्या की धमकी दी गई।
जनप्रतिनिधि के माध्यम से केजरीवाल तक पहुंचाई धमकी
विधायक जरनैल सिंह ने शिकायत में कहा कि आरोपी ने उनकी जनप्रतिनिधि की हैसियत का इस्तेमाल करते हुए फिरौती की मांग और धमकी अरविंद केजरीवाल तक पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने इसे गंभीर आपराधिक मामला बताते हुए आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
शिकायत के साथ विधायक ने धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा है।
BNS और IT एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया गया है।
साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की पहचान और धमकी के पीछे की वास्तविक मंशा का पता लगाने में जुटी है।
कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन की जांच की मांग
विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और मोबाइल लोकेशन की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने का आग्रह किया गया है।

