- बैलेट पेपर पर शून्य सीटें मिलने पर राहुल गांधी पर नेताओं ने कसा तंज
- शिवराज, पीयूष गोयल और जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर साधा निशाना
नई दिल्ली। चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनावों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलने के दावे के बाद भाजपा नेताओं ने पार्टी पर हमला तेज कर दिया है। केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने बैलेट पेपर से हुए चुनावों का हवाला देते हुए कांग्रेस के नेतृत्व और चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर कई नेताओं ने तंज भरे पोस्ट साझा किए।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 28 अक्टूबर को एक्स पर लिखा कि कांग्रेस का नेतृत्व, नीति और परिणाम तीनों शून्य नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में विधान परिषद के चुनाव बैलेट पेपर से हुए, लेकिन कांग्रेस का खाता नहीं खुला।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी की तस्वीर के साथ पेट्रोल पंप के मीटर पर शून्य दिखाते हुए पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “जीरो चेक कर लो भाई!” वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि बैलेट पेपर की मांग करने वालों को चुनावी नतीजों से जवाब मिल गया है। उन्होंने कांग्रेस की हार के लिए ईवीएम के बजाय जनता की ओर से नकारे जाने को जिम्मेदार बताया और उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में भाजपा-एनडीए की जीत पर बधाई दी।
नितिन नबीन और अनुराग ठाकुर ने भी साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनावों में बैलेट पेपर पर भी कांग्रेस का स्कोर शून्य रहा। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस की राजनीति को लगातार नकार रही है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी संसद सत्र का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहते नजर आए, “राहुल जी, जीरो चेक कर लीजिए।”

