Report by : Neha Singh
Published at :
कांग्रेस आरक्षण खत्म करने को लेकर फैला रही भ्रम- मोहन यादव
विज्ञापन
विज्ञापन

छिंदवाड़ा। कांग्रेस देश में भ्रम फैला रही है कि भाजपा संविधान बदल आरक्षण खत्म कर देगी, लेकिन कानून बनता है देश के राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से, ऐसे में क्या किसी आदिवासी का बुरा होता देख हमारी बहन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कभी ऐसा होने देंगी। अब तक आदिवासी समाज का जितना सम्मान भाजपा ने किया, किसी ने नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं और संकल्पों से आज देश का आदिवासी गौरान्वित महसूस कर रहा है।यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार देर शाम छिंदवाडा लोकसभा क्षेत्र के पांढुर्ना विधानसभा के नानंदवाड़ी में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान आमसभा को लोकसभा प्रत्याशी बंटी विवेक साहू, छिंदवाड़ा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पांढुर्णा जिलाध्यक्ष वैशाली महाले ने भी संबोधित किया।मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता कमलनाथ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका कैसा सपना है, जो 45-45 साल तक पूरा नहीं हो रहा। एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी, अब तीसरी पीढ़ी आने को है लेकिन कमलनाथ का ’छिंदवाडा में विकास का सपना’ सपना ही बना हुआ है। आज तक पांढुर्ना के अंदर पांच हजार मजदूरों का कोई कारखाना नहीं खोला। विकास सिर्फ बोलने से नहीं होता, देश और क्षेत्र के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी की तरह दृढ इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। मुझे दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि जो कई बार जीते और बड़े-बड़े पदों पर रहे, उनको समझ में नहीं आया कि पांढुर्णा जिला बन सकता है। पांढुर्णा को जिला बनाने का गौरव भारतीय जनता पार्टी को मिला है।मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस ने ही सांसद बनाने का ठेका लिया है, एक ही परिवार से बार-बार सांसद बनना क्षेत्र का अपमान है। उन्होंने उपस्थित जनता से कहा हमें सम्मान की लड़ाई लड़ना है ताकि हमारा सांसद बन सके। जिन्होंने जिंदगी भर आदिवासियों को, यहां के स्थानीय निवासी को सांसद तक नहीं बनाया। कोई एक काम बता दो जो सांसद रहते हुए किया है, ये समाज पूछना चाहता है? जनता दिल से वोट देती है ताकि आप अच्छे काम करो। उन्होंने कहा कि अब वसंत की नई ऋतु में छिंदवाड़ा का माहौल बदला है। इस बार आप सभी के आशीर्वाद से छिंदवाड़ा का बेटा बंटी विवेक साहू दिल्ली पहुंचेगा, जिससे आपका-हमारा सबका गौरव बढ़ेगा।

छिंदवाड़ा को वोट की मशीन बना दिया
डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा को वोट की मशीन बना दिया। उन्होंने सवाल किया कि गरीब आदमी के घर में नल जल क्यों नहीं होना चाहिए? गरीब आदमी का बच्चा पढ़-लिखकर डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, ऑफिसर क्यों नहीं बनना चाहिए? आप इन्हें केवल वोट लेने की मशीन बनाना चाहते हो। कमलेश शाह ने जैसे ही भाजपा में जाने का सोचा. उन्होंने बड़े सम्मान से बोला कि मैं कमलनाथ का सम्मान करता हूं लेकिन उनके परिवार वाले कह रहे हैं, ये गद्दार है। आदिवासी समाज इसलिए है कि आप गाली बकोगे, कोई भी माफ नहीं करेगा. जो गाली देगा हमारे पास उसका इलाज है। आने वाली 19 तारीख को आपके हाथ में जो सुदर्शन चक्र है, केवल उस सुदर्शन चक्र का उपयोग करना है।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›