
1857 के क्रांतिनायक शहीद धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान द्वारा जन्मोत्सव माह-2026 का आयोजन 30 अक्टूबर से 27 नवंबर तक देशव्यापी स्तर पर किया जाएगा। इसका शुभारंभ लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर होगा, जबकि समापन 27 नवंबर को क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के जन्मोत्सव पर किया जाएगा। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के प्रपौत्र तस्वीर सिंह चपराना ने गुरुवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि जन्मोत्सव माह के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताएं, दौड़, वृक्षारोपण, विचार गोष्ठियां, जनजागरूकता रैलियां, दीपोत्सव तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य 1857 की क्रांति में धनसिंह कोतवाल के योगदान, साहस और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना है।
सरकार के समक्ष रखी जाएंगी प्रमुख मांगें: शोध संस्थान की प्रमुख मांगों में धनसिंह कोतवाल की जीवनी एवं योगदान को यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल करना, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित करना, प्रदेश के सभी पुलिस थानों में उनके चित्र लगाना तथा 10 मई, 4 जुलाई और 27 नवंबर को विद्यालयों में उनके योगदान की जानकारी विद्यार्थियों को देना शामिल है। तस्वीर सिंह चपराना ने समाज के सभी वर्गों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से जन्मोत्सव माह के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। प्रेसवार्ता में प्रो.देवेश चंद्र शर्मा, प्रदीप सिंह गुर्जर, जयप्रकाश सिंह धामा, विनय कुमार, संजय धामा, राजेन्द्र कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

