आदि कैलास यात्रा के दौरान पूर्व नौसेना कर्मी का निधन

30 साल पहले नौसेना से हुए थे सेवानिवृत्त, यात्रा के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत; शोक में कई घरों में नहीं जले चूल्हे
सरधना। आदि कैलास की धार्मिक यात्रा पर गए खेड़ा गांव निवासी पूर्व नौसेना कर्मी शिवराज सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार को गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर में पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अपने प्रियजन के अंतिम दर्शन करने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। बाद में गांव के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से गांव में ऐसा मातम पसरा कि शोक में कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। जानकारी के अनुसार खेड़ा गांव निवासी 76 वर्षीय शिवराज सिंह पुत्र धूम सिंह भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे। करीब 30 वर्ष पूर्व वह नौसेना से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके भतीजे एवं पूर्व प्रधान ओमवीर सिंह ने बताया कि शिवराज सिंह करीब 15 दिन पहले अपनी पत्नी सुषमा लता के साथ दिल्ली गए थे। वहां से मंगलवार को वह अपने बेटे ग्रीस कुमार उर्फ मोनू, बहू अंजली और पौत्र तेजस सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आदि कैलास यात्रा पर रवाना हुए थे। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को यात्रा के दौरान ओल्ड लिपु की चढ़ाई करते समय अचानक शिवराज सिंह की सांस फूलने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। इसी बीच शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे उनके निधन की सूचना परिजनों को मिली। अचानक मिली इस दुखद खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी सूचना पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे शिवराज सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव खेड़ा पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे। हर आंख नम थी और परिजन बिलखते नजर आए। इसके बाद ग्रामीणों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में गांव के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया शिवराज सिंह के निधन से गांव ने एक पूर्व नौसैनिक और सम्मानित बुजुर्ग को खो दिया है। उनके जाने से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।