
मेरठ। चार दिन पहले गंगानगर थाना क्षेत्र में स्पोर्ट्स कारोबारी के घर हुई करोड़ों की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने घर की मेड और कुक सहित दो महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करोड़ों की ज्वैलरी और लाखों का कैश बरामद किया गया है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति और एसपी देहात अभिजीत कुमार ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी निवासी स्पोर्ट्स कारोबारी आशुतोष भल्ला के कुक जितेंद्र ने 26 अक्टूबर को खाने में नींद की गोलियां मिलाकर आशुतोष भल्ला की माताजी को खिलाईं। वृद्धा के बेहोश होने पर जितेंद्र ने सेफ खोलकर सोने-चांदी की लगभग दो करोड़ की ज्वैलरी और लाखों का कैश एक बैग में भरकर घर की मेड रोशनी को दे दिया। रोशनी ने यह बैग बेगमपुल जाकर जितेंद्र की बहन मीनू को दिया। इसके बाद मेरठ छोड़कर अपने बॉयफ्रेंड से मिलने चली गई। मीनू ने चोरी के माल से भरा बैग देवबंद में रहने वाले अपने पहले पति मनीष कुमार के घर पर ले जाकर रख दिया। लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने के बाद पुलिस रोशनी के बॉयफ्रेंड तक पहुंची। बॉयफ्रेंड के साथ मिली रोशनी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद कुक जितेंद्र और उसकी बहन मीनू सहित मीनू के पहले पति मनीष कुमार को भी गिरफ्तार करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लगभग दो करोड़ की पूरी ज्वैलरी और 3.56 लाख कैश बरामद किया गया है। चारों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। महज चार दिन में करोड़ों की चोरी के खुलासे के बाद एडीजी ने पुलिस टीम को 50000 का इनाम देने की घोषणा की है।

