• उत्तर प्रदेश
  • जौनपुर
  • पॉलिटेक्निक और जेसीज चौराहे पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए उठाएं ठोस कदम: बाबू सिंह कुशवाहा

    WhatsApp Image 2026 04 05 at 8.11.49 AM

    दिशा की बैठक में शिलापट्टों की अनियमितता पर जनप्रतिनिधियों ने जताई कड़ी नाराजगी

    जौनपुर। जिले में गुरुवार को आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। अध्यक्षता सदर लोकसभा क्षेत्र के सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों की गर्माहट सभागार में देखने को मिली। इसमें मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग, बिजली एवं कृषि से संबंधित मुद्दे अहम रहे। दिशा की बैठक में इस बार भी शिलापट्टों की अनियमितता मामला ने जोर पकड़ लिया। जनप्रतिनिधियों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए।

    5714BA23 EE8A 4A8B BE18 CFA95F4C8A1B

    कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सह-अध्यक्ष के रूप में मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी मौजूद रहीं। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के तौर पर निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की स्थिति और सुदृढ़ करने का लाख दावा करें लेकिन समस्या जस की तस बनी है। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि यदि सड़कों के निर्माण के दो वर्ष के भीतर शिलापट्ट नहीं लगे तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के द्वारा फोन न रिसीव करने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा एक ही मामले में दो अलग-अलग उत्तर पर कड़ी आपत्ति की। उन्होंने पॉलिटेक्निक और जेसीज चौराहे पर निजी बसों के खड़ी होने से जाम की समस्या से निजात दिलाने, कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी के लिए गांव-गांव कैंप लगाने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। टोल प्लाजा के कर्मचारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार करने पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। मछलीशहर की सपा सांसद प्रिया सरोज ने जफराबाद में सड़क निर्माण के शिलापट्ट में उनका नाम न लिखे जाने, पीपा पुल पर शिलापट्ट न लगने पर सवाल उठाए। बैठक में बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने जिले में अच्छी ओपीडी देने वाली सीएचसी का सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र की उसरा बाजार में बदहाल सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की। मछलीशहर की सपा विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने स्थानीय सीएचसी में बाउंड्री वॉल, डिजिटल एक्सरे, महिला सर्जन की कमी की समस्या पर ध्यान आकृष्ट कराया। विधायक ने थाने से अस्पताल की ज्यादा दूरी होने के चलते मेडिकल कराने में हो रही समस्या के निस्तारण की मांग की। शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने सुइथाकला के भैंसौली की जर्जर पीएचसी, वहां जुआरियों के जमावड़े, डॉक्टर की नाम मात्र की तैनाती, बैठने की व्यवस्था की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने सहकारिता विभाग के बंद चारों क्रय केन्द्रों दुमदुमा, अरसिया और सहित अन्य को शीघ्र चालू कराने की मांग की। मुंगराबादशाहपुर के सपा विधायक पंकज पटेल ने बंद जन आरोग्य केंद्रों, डॉक्टर के समय से न आने और उनके खिलाफ कार्रवाई के बारे में सवाल उठाया। उन्होंने गेहूं क्रय केन्द्रों के बारे में विधानसभा वार सूची की मांग की। 3 साल बीत जाने के बाद भी शिलापट्ट न लगने पर विधायक भड़क उठे। मल्हनी विधायक लकी यादव ने छुंछा पुल से करंजाकला मार्ग जल्द उखड जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच के लिए डीएम से मांग की।

    264C3656 7C8C 4958 A7C3 852B6D515326

    इनकी रही मौजूदगी

    एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसु, मड़ियाहूं विधायक डॉ आरके पटेल, जफराबाद विधायक राजनारायण राय, केराकत विधायक तूफानी सरोज, नपा अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, डॉ रामसूरत मौर्य, एसपी कुंवर अनुपम सिंह, सीडीओ ध्रुव खड़िया, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, एडीआईओ शशि, पीडी कृष्ण करुणाकर पांडेय, डीडीओ मीनाक्षी देवी, बीएसए डॉ गोरखनाथ पटेल, ईओ पवन कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता, डीएसओ संतोष विक्रम शाही सहित अन्य मौजूद रहे।

    जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें अधिकारी : डीएम

    दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की हुई समीक्षा, खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दिया आश्वासन

    जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेशचंद्र सिंह ने दिशा समिति की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद बनाए रखें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
    डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी और प्रभावी तरीके से होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
    कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है।

    968f05e4cf284faa3714e4bdb1779f34

    Pratima Shukla

    प्रतिमा शुक्ला डिजिटल पत्रकार हैं, पत्रकारिता में पीजी के साथ दो वर्षों का अनुभव है। पूर्व में लखनऊ से दैनिक समाचारपत्र में कार्य कर चुकी हैं। अब ई-रेडियो इंडिया में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहीं हैं।
    1 mins