- व्यापार मंडल ने कमिश्नरी पार्क से कलक्ट्रेट तक निकाला जुलूस
- 15 दिन में समस्याओं के समाधान की मांग, आंदोलन की चेतावनी
मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल ने मेरठ में व्यापारियों के निर्माणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई और शहर के बाजारों में अव्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पं. आशु शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी कमिश्नरी पार्क से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
पं. आशु शर्मा ने कहा कि व्यापारी सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं, लेकिन मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की कथित मनमानी और गलत सर्वे रिपोर्ट के कारण हजारों लोगों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यापारी के निर्माण का एक इंच भी तोड़ा गया तो मेरठ विकास प्राधिकरण कार्यालय पर तालाबंदी कर दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रभावित व्यापारियों को राहत देने की मांग की।
सीएम ग्रिड योजना से बाजारों में परेशानी का आरोप
व्यापार मंडल ने शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों को लेकर भी नाराजगी जताई। आशु शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण प्रमुख बाजारों में खुदाई की गई है। इससे त्योहारों के सीजन में दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित हो रही है। उन्होंने टूटे नालों और अन्य अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
खाद्य विभाग पर छोटे व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप
संगठन ने खाद्य विभाग के अधिकारियों पर जांच के नाम पर देहात क्षेत्र के छोटे व्यापारियों को परेशान करने का आरोप लगाया। व्यापार मंडल ने कहा कि इस तरह का कथित उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस दौरान पीयूष वशिष्ठ, सुमेर सिंह धार, विजय ओबराय, हाजी सारिक, विजय राठी, मनजीत सिंह कोछड़, सरताज गाजी, प्रवीण वशिष्ठ, अशफाक पहलवान, मंसूर भाई, सोनू कुरैशी, सोनू शर्मा, शैवाल दुबलिश, हरिओम शर्मा, ललित गुप्ता, श्याम परूथी, आदेश अग्रवाल, दीपक पिलानिया, चंद्र प्रकाश शर्मा, हाजी आसिफ खान, दीपक त्यागी, भारत गुप्ता, हरप्रीत आहूजा, जस्सी सिंह, संजू त्यागी और प्रवीण महरौल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

