• उत्तर प्रदेश
  • मेरठ
  • मेरठ में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

    मेरठ में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

    मेरठ। जनपद की स्वॉट टीम प्रथम और एटीएस यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक बड़े टेलीफोन एक्सचेंज का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आयशा मस्जिद के पास छापेमारी कर छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरदीन, नाजिम, फहीम, सुल्तान, शादाब और रहीस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह वीओआईपी (वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) तकनीक का दुरुपयोग कर विदेशी कॉल्स को लोकल कॉल में बदल रहा था, जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा था।

    छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध सिम कार्ड, वीओआईपी जीएसएम गेटवे मशीनें और अन्य अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए। जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को झांसा देकर उनके नाम पर फर्जी तरीके से कई सिम कार्ड निकलवाते थे और फिर उन्हें मशीनों में लगाकर अवैध एक्सचेंज चलाते थे।

    इस तकनीक के जरिए विदेशी कॉल्स को स्थानीय कॉल में बदल दिया जाता था, जिससे कॉल करने वाले की पहचान छिपी रहती थी और गिरोह को मोटा आर्थिक लाभ होता था।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अवैध एक्सचेंज का इस्तेमाल अक्सर आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के लिए खतरा बढ़ जाता है।

    फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ थाना लिसाड़ी गेट में भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और इंडियन टेलीग्राफ एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

    1b2110adbef6a0e816f24ebb03020a29

    News Desk

    आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।
    1 min